April 1, 2023

डीएम ने मोहल्लों में जाकर सफाई के प्रति लोगों को जागरूक

अल्मोड़ा
वृहद सफाई अभियान कार्यक्रम के प्रथम दिन जिलाधिकारी इवा आशीष श्रीवास्तव ने आज स्वयं मोहल्लों में जाकर सफाई के प्रति लोगों को जागरूक किया। उन्होंने मुरली मनोहर वार्ड के विभिन्न मोहल्लों में जाकर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान वार्ड में कूडे के ढेर को खुले छोडे़ जाने एवं 2-3 दिन बाद कूड़ा उठाने की शिकायत पर उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को प्रतिदिन उठाने और किसी भी स्थान पर खुला न छोड़ने की चेतावनी दी। उन्होंने अधिशासी अभियन्ता विद्युत को वार्ड में झूलते तारों सहित जीर्ण-शीर्ण पोलों को तुरन्त बदलने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रीन हिल्स संस्था द्वारा मुरली मनोहर वार्ड, रामशिला वार्ड और शिलाखोला वार्डों में डोर टू डोर कूडा कलैक्शन किया जाना है। इसके लिये भी लोगों को स्वयं जागरूक रहना होगा। जिलाधिकारी ने लोगों से कहा कि अपने आस-पास उन्हें स्वयं ही सफाई का ध्यान रखना चाहियें जिससें बीमारियों को खतरा कम हो सके। बरसात के मौसम में हमें पूरी सावधानी बरतनी चाहिये।
इसके बाद उन्होंने मुरली मनोहर वार्ड के टपकेश्वर महादेव नौलें का भी निरीक्षण किया जो काफी खराब हालत में है। उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका एवं जल संस्थान के अधिकारियों को निर्देश दिये कि नौलें के आस-पास सफाई एवं इसे पायलेट प्रोजेक्ट में लिये गये 10 नौलों के सौन्दर्यकरण किये जाने हेतु प्रस्तावित करें। इस अवसर नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी ने लोगों से जागरूक होकर आस-पास सफाई रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि नगर पालिका प्रशासन के साथ-साथ लोगों को अपने आस-पास साफ सफाई रखने एवं कूड़ा न फैलाने के प्रति जागरूक रहना होगा।
आज  वृहद सफाई अभियान नन्दादेवी वार्ड एवं रामशिला वार्ड मे चलाया गया। इस सफाई अभियान में मुख्य विकास अधिकारी जे0एस0 नगन्याल, उपजिलाधिकारी सदर विवेक राय, जिला विकास अधिकारी मो0 असलम, जिला कार्यक्रम अधिकारी पी0एस0 बृजवाल, सूचना विज्ञान अधिकारी राजेश तिवारी, सभासद सरिता टम्टा, राजेन्द्र तिवारी, आशा कार्यकत्रिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।