April 1, 2023

उत्तरकाशी : कांग्रेस को झटका : पूर्व जिलाध्यक्ष समेत कांग्रेस के 11 नेता भाजपा में शामिल

  • उत्तरकाशी

निकाय चुनावों में गंगोत्री विधायक गोपाल सिंह रावत जी ने कांग्रेस को तगड़ा झटका दिया है। बुधवार को कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष समेत कांग्रेस के 11 नेताओं ने देहरादून में भाजपा प्रदेश कार्यालय में कांग्रेस छोड़ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

गंगोत्री विधायक के कार्यों से प्रभावित होकर उत्तरकाशी में कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष व पूर्व में जिला पंचायत अध्यक्ष नत्थी लाल शाह, प्रदेश महिला कांग्रेस महामंत्री श्रीमती पवना सेमवाल, प्रधान संगठन के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष परमानंद सेमवाल समेत 11 नेताओं ने आज भाजपा का दामन थामा।
यह निकाय चुनाव में जुटी कांग्रेस को तगड़ा झटका साबित होगा।  बलबीर रोड़ स्थित भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष  अजय भट्ट, प्रदेश महामंत्री राजपुर विधायक खजान दास, गंगोत्री विधायक गोपाल सिंह रावत जी, प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. देवेंद्र भसीन, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी बलजीत सोनी, जिलाध्यक्ष श्याम डोभाल की मौजूदगी में कांग्रेस के 11 बड़े नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
इस मौके पर भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष नत्थी लाल शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सबका साथ सबका विकास और गंगोत्री विधान सभा में गोपाल सिंह रावत जी के कार्यों से प्रभावित होकर उन्होंने भाजपा का साथ चुना है। उन्होंने कहा कि भाजपा को छोड़ शेष पार्टियां जातिवाद, क्षेत्रवाद भ्रष्टाचार में डूबी है।
गंगोत्री विधायक गोपाल सिंह रावत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में तमाम पुराने नेता भाजपा के साथ शामिल हो चुके हैं, ऐसे में कांग्रेस मुक्त उत्तरकाशी बन रही है। निकाय चुनाव के दौरान कांग्रेस को यह तगड़ा झटका है।
उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सबका साथ सबका विकास की अवधारणा साकार हो रही है और इसकी वजह से भाजपा का कुनबा लगातार बढ़ रहा है।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट जी ने सभी नेताओं का भाजपा में शामिल होने पर स्वागत किया और कहा कि कांग्रेस पूरी तरह से टूट चुकी है और कांग्रेस मुक्त भारत की शुरूआत हो चुकी है।
इस मौके पर मंडल अध्यक्ष डुंडा महावीर नेगी, रणधीर बिष्ट, अजवीर सिंह पंवार समेत अन्य मौजूद रहे।
यह नेता हुए शामिल –
1.  नत्थी लाल शाह, पूर्व अध्यक्ष जिला पंचायत, पूर्व जिलाध्यक्ष कांग्रेस उत्तरकाशी।
2.  परमानंद सेमवाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रधान संगठन, पूर्व प्रधान मुखबा/गंगोत्री।
3.  किशन सिंह पंवार, सेवानिवृत जिला पूर्ति अधिकारी उत्तरकाशी, अध्यक्ष आपदा प्रबंधन उत्तरकाशी।
4. पवना सेमवाल, महामंत्री प्रदेश कांग्रेस महिला कांग्रेस कमेटी।
5. संपूर्णानंद सेमवाल, सेवानिवृत पंचायत निरीक्षक।
6. किशन सिंह रावत, सेवानिवृत पशुधन प्रसार अधिकारी।
7. पूरण थपलियाल, वरिष्ठ अधिवक्ता उत्तरकाशी।
8. पारेश्वर सेमवाल, व्यापार मंडल जोशियाड़ा।
9. देवेंद्र शाह, महामंत्री युवा कांग्रेस उत्तरकाशी।
10.  मनोज धस्माना, महामंत्री अनु. जाति युवा प्रकोष्ठ उत्तरकाशी।
11. सत्येंद्र सिंह राणा, कांग्रेस युवा प्रकोष्ठ उत्तरकाशी।