उत्तरकाशी। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या-8 स्थित कलेश्वर मंदिर जोशियाड़ा क्षेत्र में नाला एवं सड़क निर्माण की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। कलेश्वर श्रम स्वावलंबी सहकारी समिति की ओर से जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बताया गया कि वर्ष 2021 से 2025 के बीच इस संबंध में करीब 30 बार आवेदन व प्रार्थना पत्र दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
समिति का कहना है कि सड़क न होने के कारण क्षेत्र की आम जनता, बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूल जाने वाले बच्चों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से मांग के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ज्ञापन में प्रशासन को चेतावनी दी गई है कि यदि एक सप्ताह के भीतर इस समस्या पर ठोस कार्रवाई शुरू नहीं की गई तो क्षेत्र की जनता आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
ज्ञापन का समर्थन करते हुए कई स्थानीय लोगों ने हस्ताक्षर किए। वार्ड नंबर 8 की सभासद सुनीता नेगी , धनी लाल सिलवाल, कल्याण सिंह असवाल, हिम्मत सिंह राणा, किशन सिंह राणा, अजय सिंह राणा, आशीष नेगी, विक्रम सिंह गुसाईं, अनिल सिंह परमार, चंदन सिंह, राजेंद्र सिंह, कृपाल गुसाईं, गोपाल राम भट्ट, राजू भट्ट, अनील कुमार, अमरीश पाल सिंह और प्रमोद भट्ट सहित अन्य लोग शामिल रहे।
