- दिल्ली
दिनांक 01 फरवरी 2026 को नई दिल्ली के पालम क्षेत्र में रह रहे उत्तराखण्डवासियों द्वारा उत्तराखण्ड एकता मंच के माध्यम से एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तरकाशी से भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं नमामि गंगे के प्रदेश सहसंयोजक श्री पवन नौटियाल को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया, जहां आयोजकों द्वारा उनका पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया गया।

इस अवसर पर मंच से आयोजकों ने कहा कि पवन नौटियाल का पहाड़ में शिक्षा, स्वास्थ्य और स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ छात्रों के पलायन को रोकने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि पवन नौटियाल हमेशा जमीनी स्तर पर काम करने वाले नेता रहे हैं और पहाड़ के युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
मुख्य अतिथि पवन नौटियाल ने अपने उद्बोधन में दिल्ली में रह रहे उत्तराखण्डवासियों से अपनी थाती और माटी से जुड़े रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पहाड़ के विकास के लिए प्रवासी उत्तराखण्डवासियों और युवाओं को भी आगे आकर कुछ उत्कृष्ट कार्य करने होंगे, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक नया कीर्तिमान स्थापित हो सके। उन्होंने युवाओं से पहाड़ के लिए सोचने, लौटकर काम करने और स्थानीय संसाधनों के संरक्षण पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति की झलक देखने को मिली। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कई प्रसिद्ध लोक गायकों ने अपनी प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आयोजन ने दिल्ली में रह रहे उत्तराखण्डवासियों को एक सूत्र में बांधते हुए अपनी संस्कृति और पहचान से जुड़ने का संदेश दिया।
