डॉ रणवीर सिंह वर्मा
ब्यूरो चीफ सनसनी सुराग न्यूज समाचार
कांधला थाना क्षेत्र के गांव एलम में एक किसान के खेत से दो विद्युत ट्रांसफार्मर चोरी हो गए हैं। अज्ञात चोरों ने 100 केवीए और 63 केवीए क्षमता के इन ट्रांसफार्मरों को क्षतिग्रस्त कर उनमें से कॉपर और तेल निकाल लिया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। किसान चंद्रवीर पुत्र सुखपाल जब अपने खेत पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि दोनों ट्रांसफार्मर टूटे हुए पड़े थे और उनमें से कॉपर व तेल गायब था। सूचना मिलते ही विद्युत विभाग में हड़कंप मच गया। उपखंड अधिकारी आशीष श्रीवास्तव ने पुलिस को मामले की जानकारी दी और अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। ट्रांसफार्मर चोरी की इस घटना से क्षेत्र के किसानों को भारी परेशानी हो रही है। किसान हिमांशु शेखर ने बताया कि बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण गेहूं की फसल की सिंचाई नहीं हो पा रही है, जिससे फसल को नुकसान होने की आशंका बढ़ गई है। कांधला थाना प्रभारी (कार्यवाहक) राजीव कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर चोरी की तहरीर मिल चुकी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक पुलिस टीम का गठन किया गया है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
