डॉ रणवीर सिंह वर्मा / सनसनी सुराग न्यूज जनपद शामली
शामली। आज उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य मोहित बेनीवाल ने निर्मित ग्राम मालेंडी से नया गांव तक जाने वाली सड़क का उद्घाटन कर क्षेत्रवासियों को विकास की सौगात दी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता शिव कुमार शर्मा ने की, जबकि मंच का सफल संचालन विश्वेंद्र कालिरमण ने किया। इस अवसर पर मोहित बेनीवाल ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं क्षेत्र की विकास संबंधी आवश्यकताओं को सुना।
मोहित बेनीवाल ने अपने संबोधन में कहा कि गांवों का विकास ही विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश की मजबूत नींव है। सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि गांव की अर्थव्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और किसानों की खुशहाली से जुड़ी महत्वपूर्ण आवश्यकता है। मालेंडी से नया गांव तक इस सड़क के निर्माण से ग्रामीणों के साथ-साथ किसानों को भी अपनी कृषि उपज मंडियों तक पहुंचाने और दैनिक आवागमन में सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रही हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में उपलब्ध कराई जा रही है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से फसल नुकसान की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है। किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से किसानों को कृषि कार्यों के लिए ऋण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार गन्ना किसानों के हितों, गन्ना मूल्य भुगतान, सिंचाई सुविधाओं, कृषि आधुनिकीकरण और ग्रामीण आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। प्रदेश में एक्सप्रेस-वे, ग्रामीण सड़कें, सिंचाई परियोजनाएं और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहा है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले और उन्हें अपनी फसल मंडियों तक पहुंचाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए बेहतर सड़क संपर्क भी अत्यंत आवश्यक है।

मोहित बेनीवाल ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं और समस्याओं को सुनना तथा उन्हें विकास कार्यों के माध्यम से पूरा करने का प्रयास करना उनका दायित्व है। अपनी विधान परिषद निधि से कराए जा रहे विकास कार्य इसी प्रतिबद्धता का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि विकास की प्रक्रिया तभी सार्थक होती है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति और गांव के प्रत्येक परिवार तक पहुंचे। क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए उनके प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

कार्यक्रम में भाजपा मोर्चों से नीतू, राजीव शास्त्री, शिव कुमार शर्मा, ग्राम प्रधान उत्तम, जब्बार राणा, बंटी चौधरी सहित गांव के गणमान्य व्यक्ति नरेश तहंबेदार, नीरज, सुमित, नरेंद्र प्रधान, इंद्रपाल सिंह, सत्येंद्र चिकारा, कंवरपाल, अनुज कश्यप, अनुकूल गिरी, आशीष जायसवाल एवं राजा उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं सम्मानित ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने अपनी विधान परिषद निधि से सड़क निर्माण कराने के लिए मोहित बेनीवाल का आभार व्यक्त किया।
