उत्तरकाशी। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर गंगोत्री सीट पर भाजपा के भीतर दावेदारियां सामने आने लगी हैं। वरिष्ठ पत्रकार एवं भाजपा नेता लोकेंद्र सिंह बिष्ट ने गंगोत्री विधानसभा सीट से भाजपा टिकट के लिए अपनी दावेदारी पेश की है।

बिष्ट ने दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी से मुलाकात की। इसके बाद देहरादून में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को अपना आवेदन और बायोडाटा सौंपा। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात की।
इस दौरान उन्होंने गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों और अपनी प्राथमिकताओं को पार्टी नेतृत्व के सामने रखा। बिष्ट ने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनहित के मुद्दों को लेकर वह लंबे समय से सक्रिय हैं। आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी से अवसर मिलने की उम्मीद है।
गंगोत्री विधानसभा सीट पर वर्तमान में भाजपा के सुरेश सिंह चौहान विधायक हैं। ऐसे में लोकेंद्र सिंह बिष्ट की दावेदारी से आगामी चुनाव को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
