डॉ रणवीर सिंह वर्मा / सनसनी सुराग न्यूज जनपद शामली
आज भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा की प्रदेश स्तरीय वर्चुअल बैठक में जनपद शामली से नवनियुक्त क्षेत्रीय मंत्री डॉ. कपिल पंवार ने सहभागिता की। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद प्रकाश पाल का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। वहीं पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष ओबीसी मोर्चा सुनील भाटी ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों एवं अभियानों को लेकर विस्तार से मार्गदर्शन प्रदान किया।
बैठक में प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश के सभी छह क्षेत्रों के अध्यक्षों सहित प्रदेश एवं क्षेत्रीय टीम, जिला अध्यक्षों और जिला महामंत्रियों समेत कुल 462 पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया।
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने तथा आगामी कार्ययोजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रमुख रूप से—
1. ‘राधे-राधे कमल खिला दे’ अभियान को गति देते हुए जन-जन तक पहुंचाने की कार्ययोजना बनाई गई।
2. ओबीसी मोर्चे की संगठनात्मक टीम में सभी जातियों एवं समाजों को सम्मानजनक प्रतिनिधित्व देते हुए समावेशी टीम तैयार करने पर जोर दिया गया।
3. मंडल अध्यक्षों की घोषणा शीघ्र पूर्ण कर संगठनात्मक ढांचे को मजबूत बनाने पर चर्चा हुई।
4. आगामी चुनावों को दृष्टिगत रखते हुए पार्टी के निर्देशानुसार विभिन्न जनसंपर्क एवं संगठनात्मक अभियानों को गति देने का निर्णय लिया गया।
5. मतदाता जोड़ो अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।
6. प्रत्येक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता को अपने-अपने बूथ पर नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
7. संगठन के आगामी कार्यक्रमों एवं मोर्चे की कार्ययोजना को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने सभी नवनियुक्त क्षेत्रीय टीमों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय, समर्पण और संगठनात्मक निष्ठा के साथ कार्य करते हुए ओबीसी मोर्चे को पार्टी की मजबूती का प्रभावी माध्यम बनाएं।

क्षेत्रीय अध्यक्ष सुनील भाटी ने संगठनात्मक विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि ओबीसी मोर्चे की जिम्मेदारी समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की है। मंडल स्तर तक संगठन का गठन शीघ्र पूर्ण किया जाए तथा ‘राधे-राधे कमल खिला दे’ अभियान और मतदाता जोड़ो अभियान को पूरी सक्रियता के साथ बूथ स्तर तक पहुंचाया जाए। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से संगठन की अपेक्षाओं के अनुरूप समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।

क्षेत्रीय मंत्री डॉ. कपिल पंवार ने कहा कि जनपद शामली से क्षेत्रीय मंत्री के रूप में मिली जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ किया जाएगा। ओबीसी समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर संगठन की विचारधारा एवं केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा बूथ स्तर पर मोर्चे को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी पदाधिकारियों का आपसी समन्वय, सक्रियता और सामूहिक प्रयास सबसे महत्वपूर्ण हैं। सभी को साथ लेकर पार्टी के संगठनात्मक अभियानों को जनआंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास रहेगा।
संगठन की मजबूती, समाज के सभी वर्गों की भागीदारी और जनसेवा के संकल्प के साथ भाजपा ओबीसी मोर्चा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सभी पदाधिकारी प्रतिबद्ध हैं।
