जितेंद्र चौहान / सनसनी सुराग न्यूज शामली
कांधला (शामली)। भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला मंत्री एवं अखिल भारतीय गुर्जर देव सेना के जिला अध्यक्ष हरिमोहन चौहान (मोनू प्रधान) ने थाना कांधला में तैनात थाना प्रभारी निरीक्षक पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रभारी मंत्री जनपद शामली को शिकायत पत्र भेजकर जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि थाना कांधला क्षेत्र में अवैध धंधों को संरक्षण दिया जा रहा है, जिसके चलते क्षेत्र में कानून व्यवस्था प्रभावित हो रही है। पत्र में कहा गया है कि थाना क्षेत्र में अवैध शराब, जुआ, सट्टा और नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही, जिससे युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि थाना परिसर में दलाल सक्रिय हैं और आम जनता व पार्टी कार्यकर्ताओं को सम्मानजनक व्यवहार नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि विभिन्न कार्यों से थाने पहुंचने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ अभद्रता की जाती है, जिससे संगठन के कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है।

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि थाना प्रभारी के कार्यकाल में पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए हैं तथा कई वर्षों से जमे पुलिस कर्मियों के स्थानांतरण की भी मांग की है। उन्होंने प्रभारी मंत्री से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर आवश्यक विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।
भाजपा नेता द्वारा भेजे गए शिकायत पत्र के बाद क्षेत्र की राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस विभाग की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
