जितेंद्र चौहान / सनसनी सुराग न्यूज शामली
कांधला।
नगर एवं क्षेत्र में पुलिस की सांठगांठ से चल रहे मिट्टी से भरे वाहनों के कारण लोगों का जीना मुहाल हो गया है। मिट्टी खनन माफिया जहां पर्यावरण के लिए खतरा बने हुए हैं, वहीं आए दिन सड़क हादसों को भी अंजाम दे रहे हैं। शनिवार को दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर गांव नानूपुरी के समीप मिट्टी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर चालक और मालिक की तलाश शुरू कर दी है।जनपद मुजफ्फरनगर के कस्बा बघरा निवासी रिहान पुत्र इस्लाम कस्बे के दिल्ली रोड स्थित एक होटल पर रोटी बनाने का कार्य करता था। शनिवार को वह अपनी बाइक से शामली स्थित अपने कमरे पर जा रहा था। जैसे ही वह थाना क्षेत्र के दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित गांव नानूपुरी के समीप पहुंचा, तभी विपरीत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर चालक ने लापरवाही से कट मार दिया, जिससे बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर नीचे जा घुसी।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय ट्रैक्टर चालक नाबालिग था, जो ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसी दौरान ट्रैक्टर मालिक, जो हरियाणा निवासी बताया जा रहा है, घायल युवक को लेकर कस्बे के एक निजी अस्पताल पहुंचा, लेकिन उसे अस्पताल के बाहर तड़पता छोड़कर अपनी कार से फरार हो गया। यह पूरी घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।इसके बाद सरकारी एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा फरार ट्रैक्टर चालक और मालिक की तलाश में जुटी हुई है। थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार का कहना है कि ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है चालक व मालिक की तलाश की जा रही है शव का पंचनामा भरकर पीएम के लिए भेज दिया है तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद भी हाईवे पर दौड़ते रहे मिट्टी से भरे वाहन
हादसे के बाद भी मिट्टी से भरे वाहन हाईवे पर बेखौफ दौड़ते रहे, जिसको लेकर नगर एवं क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक पुलिस की सांठगांठ से यह मिट्टी से भरे वाहन शाम ढलते ही नगर और क्षेत्र की सड़कों पर दौड़ने शुरू हो जाते हैं। आरोप है कि इन वाहनों के संचालन के बदले पुलिस द्वारा मोटी रकम वसूली जा रही है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
