जितेंद्र चौहान/ सनसनी सुराग न्यूज़ जनपद शामली
कांधला।
नगर के कैराना मार्ग स्थित शराब ठेके के निकट एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीरों और आसपास के दुकानदारों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कर कानूनी कार्रवाई करते हुए पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शनिवार सुबह शराब ठेके के आसपास मौजूद लोगों ने करीब 35 वर्षीय व्यक्ति को मृत अवस्था में पड़ा देखा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मृतक की पहचान कराने के प्रयास शुरू किए।काफी प्रयासों के बाद मृतक की पहचान जनपद बागपत के गांव ककड़ीपुर निवासी पवन के रूप में हुई।

पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी, जिसके बाद परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने पुलिस को बताया कि पवन लंबे समय से नशे का आदी था और अक्सर कस्बे में ही रहता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के स्पष्ट कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
नशे की गिरफ्त में युवा पीढ़ी, एक और जिंदगी काल के गाल में समाई
नगर एवं क्षेत्र में नशे का अवैध कारोबार लगातार फल-फूल रहा है। नशे की लत युवाओं और आम लोगों के लिए गंभीर समस्या बनती जा रही है। नशे की गिरफ्त में आकर एक और व्यक्ति की मौत होने से क्षेत्र में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाए जाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक मामलों को रोका जा सके। सूत्र बताते हैं कि कुछ पुलिसकर्मी नशे कारोबारियों के साथ मेल बनाकर रखते हैं इसी कारण नशे का कारोबार फल फूल रहा है।
