डॉ रणवीर सिंह वर्मा / सनसनी सुराग न्यूज जनपद शामली
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी श्री मोहित बेनीवाल ने रविदास मंदिर, शामली में 65 दीप प्रज्ज्वलित कर मनाया दीपोत्सव,
सामाजिक समरसता एवं ‘सबका साथ, सबका विकास’ का दिया संदेश
शामली।संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत रविदास मंदिर टंकी रोड शामली में भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं माननीय एमएलसी मोहित बेनीवाल ने संत गुरु रविदास महाराज के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर 65 दीप प्रज्ज्वलित किए तथा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर दीपोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने दीप जलाकर गुरु रविदास महाराज के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की तथा सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष,एमएलसी मोहित बेनीवाल ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज भारतीय संत परंपरा के ऐसे महान संत थे जिन्होंने समाज को समानता, समरसता, मानवता, श्रम की गरिमा और सामाजिक न्याय का संदेश दिया। उन्होंने अपने जीवन से यह सिद्ध किया कि व्यक्ति की पहचान उसके कर्म और संस्कारों से होती है, जन्म से नहीं। उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने सदियों पहले थे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य कर रही है। केंद्र एवं प्रदेश सरकार बिना किसी भेदभाव के गरीब, किसान, युवा, महिला, अनुसूचित जाति, पिछड़े वर्ग एवं वंचित समाज के उत्थान के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतार रही है। यही संत गुरु रविदास महाराज के समरस समाज के सपने को साकार करने की दिशा में एक सशक्त प्रयास है।

मोहित बेनीवाल ने कहा कि गुरु रविदास महाराज का ‘बेगमपुरा’ का दर्शन ऐसे समाज की कल्पना करता है जहाँ किसी प्रकार का भेदभाव, अन्याय और असमानता न हो। भारतीय जनता पार्टी भी सामाजिक समरसता, समान अवसर और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। दीपोत्सव केवल दीप जलाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, भाईचारा, सद्भाव और सकारात्मक सोच का प्रकाश फैलाने का अभियान है।

उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं एवं समाज के लोगों से आह्वान किया कि वे संत गुरु रविदास महाराज के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य करें तथा सामाजिक एकता और राष्ट्रीय एकात्मता को और अधिक मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ। वहीं सभी ने दीप प्रज्ज्वलित कर गुरु रविदास महाराज के आदर्शों को आत्मसात करने तथा समरस, सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का समापन गुरु रविदास महाराज के जयघोष, राष्ट्रगान तथा सामाजिक समरसता, राष्ट्र सेवा एवं जनकल्याण के संकल्प के साथ हुआ।

इस दौरान कार्यक्रम में कपिल पंवार (निवर्तमान जिला मीडिया प्रभारी, भाजपा शामली), अमित विश्वकर्मा, लवली मलिक, अंकित गोयल, अनुराग शर्मा, सोनित निर्वाल, सचिन निर्वाल, सतीश धीमान मण्डल अध्यक्ष, नीरज जाटव, बिट्टू जाटव सहित जाटव शामली मंडल के सभी कार्यकर्त्ता,समाज के अनेक सम्मानित नागरिक, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
