डॉ रणवीर सिंह वर्मा / सनसनी सुराग न्यूज जनपद शामली
शामली। पौरिया खाप के ऐतिहासिक गांव कनियान के 1086वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य मोहित बेनीवाल शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने गांववासियों से संवाद किया और गांव की ऐतिहासिक विरासत, खाप की सामाजिक परंपराओं, आपसी भाईचारे तथा समाज के उत्थान पर अपने विचार व्यक्त किए।

मोहित बेनीवाल ने कहा कि पौरिया खाप जैसी सामाजिक परंपराएं हमारी सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता की मजबूत आधारशिला हैं। खापों ने सदियों से समाज को जोड़ने, आपसी सहयोग, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। गांव केवल रहने का स्थान नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संस्कार, इतिहास और सामूहिक पहचान का केंद्र होते हैं। 1086 वर्षों की गौरवशाली यात्रा अपने पूर्वजों के संघर्ष, त्याग और दूरदर्शिता का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि किसान हमारे देश की अर्थव्यवस्था और ग्रामीण व्यवस्था की रीढ़ हैं। किसानों की मेहनत से ही देश का अन्न भंडार भरता है। गांवों की समृद्धि किसानों की खुशहाली से जुड़ी हुई है। इसलिए किसानों की उन्नति, कृषि का आधुनिकीकरण, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से कृषि के साथ-साथ शिक्षा, तकनीक और स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़कर गांव और समाज के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।


कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं एवं नवयुवकों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। मोहित बेनीवाल ने कहा कि शिक्षित और संस्कारित युवा ही समाज एवं राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं। प्रतिभाओं को सम्मान देना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उल्लेखनीय है कि गांव कनियान को रतन सिंह पौरिया ने बसाया था। इस अवसर पर गांव के गौरवशाली इतिहास और पूर्वजों के योगदान को भी स्मरण किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन लोकेंद्र ने किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक तेजेंद्र निर्वाल, जिला पंचायत सदस्य अरविंद पंवार, अश्विनी पंवार, एलम चेयरमैन, गांव की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियां, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कपिल पंवार आदि भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम ने गांव की ऐतिहासिक विरासत, सामाजिक एकता, किसान सम्मान और युवा प्रतिभाओं के प्रोत्साहन का संदेश दिया।
