डॉ रणवीर सिंह वर्मा / सनसनी सुराग न्यूज जनपद शामली
शामली। जनपद शामली के डिग्री कॉलेज में आयोजित जनपद स्तरीय सरस मेला–2026 में विधान परिषद सदस्य एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित बेनीवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने मेले में लगाए गए सभी स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों, उनके हुनर और कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
इस अवसर पर मोहित बेनीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शामली जनपद की महिलाओं द्वारा दो लाख से अधिक तिरंगों का निर्माण करना पूरे जनपद के लिए गर्व और गौरव का विषय है। महिलाओं ने अपनी मेहनत, हुनर और राष्ट्रभक्ति से यह साबित किया है कि मातृशक्ति देश के विकास के साथ-साथ राष्ट्रीय अभियानों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण को नई गति मिली है। केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं। स्वयं सहायता समूह महिलाओं को रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।



मोहित बेनीवाल ने कहा कि आज महिलाएं अपने हुनर और परिश्रम से परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। सरस मेला ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने, उनकी प्रतिभा को पहचान दिलाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण मंच है।





उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य महिलाओं को केवल योजनाओं का लाभार्थी बनाना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर उद्यमी और समाज के नेतृत्वकर्ता के रूप में आगे बढ़ाना है। जब मातृशक्ति सशक्त होगी, तभी परिवार, समाज और राष्ट्र सशक्त होगा।

कार्यक्रम में एसडीएम दीपिका मेहर, एसडीएम शिवाजी यादव एवं भूपेंद्र सहित भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पूनम राणा, किसान मोर्चा महामंत्री सतेंद्र, जिला उपाध्यक्ष शिव कुमार चौहान, अमित विश्वकर्मा, अंकित गोयल, कपिल पंवार, अनुराग शर्मा एवं विनीत मलिक सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
