डॉ रणवीर सिंह वर्मा / सनसनी सुराग न्यूज जनपद शामली
थानाभवन (शामली)। भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रम के अंतर्गत आज जनपद शामली की विधानसभा थानाभवन क्षेत्र में स्थित नगरपालिका थानाभवन में ‘मतदाता जोड़ो अभियान’ के तहत प्रमुख कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य मोहित बेनीवाल उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने का आह्वान किया।
मोहित बेनीवाल ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण आधारशिला है। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना उसका अधिकार भी है और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की जिम्मेदारी भी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक सक्रियता के साथ अभियान चलाएं तथा युवाओं, महिलाओं और पहली बार मतदान करने के योग्य नागरिकों को मतदाता सूची में पंजीकरण के लिए प्रेरित करें। अभियान को पूरी गंभीरता, समर्पण और संगठनात्मक समन्वय के साथ सफल बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

बैठक में जिला प्रभारी राजा वर्मा, पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा, विधानसभा प्रभारी राजपाल, पूर्व जिलाध्यक्ष पवन तरार, पंकज राणा सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



बैठक में मतदाता जोड़ो अभियान की कार्ययोजना, बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता तथा पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जुड़वाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
भाजपा का संकल्प है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में पंजीकरण से वंचित न रहे और लोकतंत्र की मजबूती में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित हो।
