डॉ रणवीर सिंह वर्मा / सनसनी सुराग न्यूज जनपद शामली
शामली, 23 अगस्त 2026। बेसिक शिक्षा विभाग, जनपद शामली द्वारा पीएम पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत रसोइयों के सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन राधा वाटिका, निकट साईं धाम, सहारनपुर रोड, शामली में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मा. सदस्य विधान परिषद श्री मोहित बेनीवाल जी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री आलोक यादव जी ने की तथा संचालन श्री अनुराग जी ने किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि मोहित बेनीवाल जी ने पीएम पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए तथा उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ बच्चे ही स्वस्थ समाज और विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।
मोहित बेनीवाल जी ने कहा, “प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश सरकार बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और पोषण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। पीएम पोषण योजना केवल बच्चों को भोजन उपलब्ध कराने की योजना नहीं, बल्कि उनके बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। रसोइया बहनों के परिश्रम और सेवा भावना को सम्मान देना हम सभी का दायित्व है। कैशलेस चिकित्सा कार्ड उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।”


उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भाजपा सरकार की प्राथमिकता है। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे कार्य आने वाली पीढ़ी को और अधिक सशक्त बनाएंगे।


इस अवसर पर मा. सदस्य विधान परिषद श्री वीरेंद्र सिंह जी, प्रश्न चौधरी विधायक सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण, शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, रसोइया बहनें एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।
