डॉ रणवीर सिंह वर्मा / सनसनी सुराग न्यूज जनपद शामली
लखनऊ/शामली। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य मोहित बेनीवाल ने उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर जनपद शामली के तहसील एवं ब्लॉक ऊन में एक राजकीय डिग्री कॉलेज की स्थापना की मांग उठाई।
इस अवसर पर मोहित बेनीवाल ने मुख्यमंत्री को एक पत्र सौंपते हुए बताया कि ऊन क्षेत्र जनपद शामली का एक प्रमुख कृषि एवं ग्रामीण क्षेत्र है, जहाँ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उच्च शिक्षा प्राप्त करने की इच्छा रखते हैं। लेकिन राजकीय डिग्री कॉलेज के अभाव में उन्हें दूर-दराज़ के शहरों में जाना पड़ता है, जिससे विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर एवं ग्रामीण परिवारों के विद्यार्थियों को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि यदि ऊन में राजकीय डिग्री कॉलेज की स्थापना होती है तो इसका लाभ केवल ऊन क्षेत्र ही नहीं, बल्कि आसपास के दर्जनों गाँवों के हजारों विद्यार्थियों को मिलेगा। इससे उच्च शिक्षा की पहुँच बढ़ेगी, छात्राओं की शिक्षा को विशेष बल मिलेगा, ड्रॉपआउट दर में कमी आएगी तथा क्षेत्र के युवाओं को अपने घर के निकट गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी।
मोहित बेनीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। प्रदेश में नए विश्वविद्यालयों, मेडिकल कॉलेजों एवं राजकीय महाविद्यालयों की स्थापना से शिक्षा का व्यापक विस्तार हुआ है। उन्हें विश्वास है कि मुख्यमंत्री जनहित एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस महत्वपूर्ण मांग पर सकारात्मक निर्णय लेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ज्ञापन प्राप्त कर विषय पर गंभीरता से विचार करने तथा नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही कराने का आश्वासन दिया।

मोहित बेनीवाल ने कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता है कि प्रदेश के प्रत्येक युवा को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध हों और कोई भी विद्यार्थी संसाधनों के अभाव में शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऊन क्षेत्र में राजकीय डिग्री कॉलेज की स्थापना से पूरे क्षेत्र के सामाजिक, शैक्षिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
