डॉ रणवीर सिंह वर्मा / सनसनी सुराग न्यूज जनपद शामली
Shamli
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश में कार्यरत 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं (राशन कोटेदारों) के लाभांश को ₹90 से बढ़ाकर ₹125 प्रति कुंतल किए जाने तथा सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के अंतर्गत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली के शुभारंभ के अवसर पर आज शामली जिला पंचायत के सभागार मे वर्चुअल भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमे मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी श्री मोहित बेनीवाल जी रहे।
कार्यक्रम में वर्तमान विधायक प्रश्न चौधरी, पूर्व विधायक तेजिंदर निर्वाल , जिला अध्यक्ष रामजीलाल कश्यप उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी आलोक यादव द्वारा की गई तथा कार्यक्रम का संचालन जिला पूर्ति अधिकारी अंकुर यादव द्वारा किया गया।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार लगातार जनकल्याण और अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के सशक्तिकरण के लिए ऐतिहासिक निर्णय ले रही है। उन्होंने कहा कि उचित दर विक्रेता सार्वजनिक वितरण प्रणाली की रीढ़ हैं और उनके आर्थिक हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि नई प्रणाली और बढ़े हुए लाभांश से राशन कोटेदारों की वर्षों पुरानी आस अब पूरी हुई है, जिससे उनके जीवन में आर्थिक स्थिरता आई है और पूरे प्रदेश में कोटेदारों के बीच उल्लास का वातावरण है।
कार्यक्रम में यह भी अवगत कराया गया कि सभी उचित दर विक्रेताओं को आश्वस्त किया जाता है कि अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण की प्रक्रिया को तेजी के साथ आगे बढ़ाया जाए, जिसकी धनराशि सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी।
इस अवसर पर श्रावण मास के तृतीय सोमवार एवं पावन नाग पंचमी के अवसर पर प्राप्त इन उपहारों हेतु सभी लाभार्थियों को हार्दिक बधाई भी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के संबोधन एवं लाभांश वृद्धि तथा नई प्रणाली के शुभारंभ का लाइव प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं उचित दर विक्रेताओं ने देखा और सुना।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार लगातार ऐसे निर्णय ले रही है, जिससे उचित दर विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त किया जा सके और सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं मजबूत बनाया जा सके।


मोहित बेनीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के विजन तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के सुशासन और अंत्योदय की भावना के अनुरूप प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग को सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

अतिरिक्त लाभांश वृद्धि एवं नई डिजिटल प्रणाली का शुभारंभ उचित दर विक्रेताओं के लिए आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ-साथ प्रदेश की सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम है, जो जमीनी स्तर पर सकारात्मक परिवर्तन लाएगा।

कार्यक्रम में खाद्य एवं रसद विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, उचित दर विक्रेता, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
#Lucknow #UttarPradesh #YogiAdityanath #MohitBeniwal #RationDealers #PDS #JanSeva #DigitalUP
