डॉ रणवीर सिंह वर्मा/ सनसनी सुराग न्यूज जनपद शामली
शामली, 15 जून।
केंद्र में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व वाली सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ब्लॉक शामली परिसर में लाभार्थी संपर्क एवं जनकल्याणकारी योजना वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य मोहित बेनीवाल उपस्थित रहे।




इस अवसर पर मोहित बेनीवाल ने केंद्र सरकार की विभिन्न जनहितकारी एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लाभार्थियों को दी तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को आवासों की चाबियां वितरित कर उन्हें नए आशियाने की सौगात प्रदान की। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र एवं योजना लाभ वितरित किए गए।




कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोहित बेनीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, स्वच्छ भारत मिशन और हर घर जल जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास और कल्याण की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। आज लाभार्थियों के चेहरे पर दिखाई देने वाली खुशी इस बात का प्रमाण है कि सरकार की योजनाएं बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक पहुंच रही हैं। मोदी सरकार की जनहितकारी नीतियों के कारण देश आत्मनिर्भर भारत की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में कपिल पंवार मीडिया प्रभारी ब्लॉक प्रमुख जयदेव मलिक, जिला पंचायत सदस्य रणधावा मलिक, भाजपा क्षेत्रीय ओबीसी मोर्चा उपाध्यक्ष अमित विश्वकर्मा, क्षेत्र के ग्राम प्रधानगण, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने केंद्र सरकार की योजनाओं के माध्यम से हुए सकारात्मक बदलावों और विकास कार्यों की सराहना की। लाभार्थियों ने बताया कि सरकार की योजनाओं ने उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
