जनपद उत्तरकाशी के सीमांत क्षेत्र भटवाड़ी मुख्यालय में विकास संघर्ष समिति के बैनर तले पिछले 17 दिनों से विभिन्न जनहित एवं क्षेत्रीय विकास संबंधी मांगों को लेकर धरने पर बैठे क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने गंगोत्री विधानसभा के विधायक सुरेश सिंह चौहान के आश्वासन, सक्रिय पहल एवं मांगों के समाधान की दिशा में हुई सकारात्मक प्रगति के उपरांत अपना धरना स्थगित करने की घोषणा की।
धरने के दौरान समिति ने क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित एवं महत्वपूर्ण मांगों को प्रमुखता से उठाया, जिनमें भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना, उत्तरकाशी (बड़ेथी) से गंगोत्री तक ऑल वेदर सड़क का निर्माण, विकासखंड एवं तहसील स्तर के सभी कार्यालयों का भटवाड़ी में नियमित संचालन तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित किए जाने की मांग प्रमुख थी।

विधायक सुरेश सिंह चौहान ने विकास संघर्ष समिति भटवाड़ी की मांगों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की तथा त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देशानुसार जिलाधिकारी एवं उपजिलाधिकारी को भटवाड़ी एवं डुंडा विकासखंडों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए थे। इस पर जिलाधिकारी द्वारा रोस्टर तैयार कर व्यवस्था लागू करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के संबंध में विधायक सुरेश सिंह चौहान ने मुख्य शिक्षा अधिकारी से निर्धारित मानकों एवं आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त कर सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही इस मांग को जल्द पूरा किया जा सके।
इसके अतिरिक्त, सीमा सड़क संगठन (BRO) द्वारा उत्तरकाशी (बड़ेथी) से भैरोंघाटी तक प्रस्तावित ऑल वेदर सड़क निर्माण कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है, जिससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था, पर्यटन और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस परियोजना को गति मिली है।
विधायक सुरेश सिंह चौहान के निर्देशानुसार केंद्रीय विद्यालय के अस्थायी भवन निर्माण हेतु लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग ₹24 लाख की लागत का प्राक्कलन (एस्टीमेट) भी तैयार कर लिया गया है। यह कदम केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इस अवसर पर विधायक सुरेश सिंह चौहान ने कहा कि गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र का समग्र एवं संतुलित विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मैं सदैव क्षेत्रवासियों के सुख-दुःख में उनके साथ खड़ा रहा हूँ और भविष्य में भी जनसेवा एवं क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करता रहूँगा।
इस दौरान विकास संघर्ष समिति भटवाड़ी संरक्षक व संयोजक केशव नौटियाल, अध्यक्ष एवं प्रधान विवेक नौटियाल, सचिव यजवेंद्र रावत, प्रधान संगठन अध्यक्ष रमेश नेगी आदि उपस्थित रहे।
