डॉ रणवीर सिंह वर्मा / सनसनी सुराग न्यूज जनपद शामली
थानाभवन। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने थानाभवन स्थित अपने फार्म हाउस पर जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित कर क्षेत्र से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं नागरिक अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुंचे। सुरेश राणा ने प्रत्येक फरियादी की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
जनता दर्शन के दौरान लोगों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं उनके समक्ष रखीं। सुरेश राणा ने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सरकार की प्राथमिकता आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान करना है।

इस अवसर पर सुरेश राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार लगातार जनकल्याण और विकास के लिए कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, किसान कल्याण, गरीबों को आवास, शौचालय और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना के साथ कार्य किया जा रहा है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था में सुधार के साथ विकास की गति भी तेज हुई है। सुरेश राणा ने कहा कि जनता से सीधा संवाद उनकी प्राथमिकता है और जनता दर्शन के माध्यम से लोगों की समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जाता है, ताकि उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो सके।
