डॉ रणवीर सिंह वर्मा / सनसनी सुराग न्यूज जनपद शामली
जनपद शामली के विकास भवन सभागार में शिक्षक दिवस के अवसर पर बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित “शिक्षक सम्मान समारोह” का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य एवं मुख्य अतिथि माननीय श्री मोहित बेनीवाल ने सहभागिता की।
इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के गोरखपुर से आयोजित शिक्षक दिवस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा गया। इसके उपरांत जनपद शामली के उत्कृष्ट, समर्पित एवं प्रतिभाशाली शिक्षकों को उनके शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि माननीय श्री मोहित बेनीवाल ने सभी सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि “शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। एक शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा ही नहीं देता, बल्कि उनके चरित्र, संस्कार और भविष्य का निर्माण भी करता है। शिक्षक का सम्मान वास्तव में राष्ट्र के भविष्य और राष्ट्र निर्माण का सम्मान है।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री माननीय श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री माननीय श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। शिक्षकों के सम्मान और उनके योगदान को उचित पहचान देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

अंत में मुख्य अतिथि मोहित बेनीवाल ने सभी सम्मानित शिक्षकों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
