गौरव जैन (बंटी) सनसनी सुराग न्यूज जनपद शामली
कांधला
भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष ने नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों पर समाजवादी पार्टी की मानसिकता के अनुरूप कार्य करने और भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर उच्चाधिकारियों से मामले की शिकायत की। वीडियो वायरल होने के बाद मामला नगर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
नगर के मोहल्ला शेखजादगान निवासी डॉ. रश्मिकांत जैन वर्तमान में भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष हैं। गुरुवार को उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर नगर पालिका परिषद कांधला के कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पालिका कर्मचारी कथित रूप से समाजवादी पार्टी की मानसिकता के अनुरूप कार्य करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न कर रहे हैं। मंडल अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सफाई व्यवस्था के नाम पर लोगों का उत्पीड़न करने के साथ सरकारी धन का भी दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने रेलवे रोड का उदाहरण देते हुए कहा कि नालों की सफाई के नाम पर कर्मचारियों ने पूरे नाले की सफाई करने के बजाय भाजपा कार्यालय के सामने ही बीच हिस्से से सिल्ट निकालकर छोड़ दी है। आरोप है कि नाले के दोनों ओर सफाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि नाले के बीच से ही सिल्ट निकालने और दोनों छोरों की सफाई नहीं होने के कारण गंदा पानी वहीं जमा रहेगा। इससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के साथ बीमारी फैलने का खतरा भी बना रहेगा।

उन्होंने सवाल उठाया कि नाले के एक छोर से सफाई शुरू कर पूरे नाले की सफाई कराने के बजाय केवल एक स्थान को चिन्हित कर सफाई करना किस प्रकार की व्यवस्था है। डॉ. रश्मिकांत जैन ने अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर पालिका कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की जांच कराने की मांग की है। मामला सामने आने के बाद नगरवासियों ने भी नालों की बेहतर सफाई कराने की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि नगर में कई स्थानों पर नालों के ऊपर अतिक्रमण होने के कारण सफाई व्यवस्था प्रभावित होती है। ऐसे में पहले नालों के ऊपर हुए अतिक्रमण हटाकर उनकी पूरी तरह सफाई कराई जानी चाहिए। मामले को लेकर नगर पालिका परिषद के स्वास्थ्य लिपिक अमरीश कुमार ने बताया कि प्रकरण उनके संज्ञान में नहीं है। मामले की जानकारी कर जांच कराई जाएगी और समस्या का निस्तारण कराया जाएगा।
