डॉ रणवीर सिंह वर्मा / सनसनी सुराग न्यूज जनपद शामली
भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) श्री मोहित बेनीवाल पर पुनः विश्वास व्यक्त करते हुए उन्हें एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी, उत्तर प्रदेश का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। उनके पुनर्नियुक्ति पर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में हर्ष और उत्साह का वातावरण है।
शामली की सरजमीं से निकलकर अपनी प्रतिभा और परिश्रम के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले श्री मोहित बेनीवाल ने शामली वैश्य इंटर कॉलेज से स्कूली शिक्षा प्राप्त की तथा आईआईटी दिल्ली से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बी.टेक. की शिक्षा स्वर्ण पदक (Gold Medal) के साथ पूर्ण की। इसके उपरांत उन्होंने लगभग छह वर्षों तक अमेरिका में टेक्नोलॉजी हेड के रूप में कार्य करते हुए अनेक सफल स्टार्टअप्स एवं टेक्नोलॉजी आधारित वैश्विक उत्पाद कंपनियों की स्थापना की।
सार्वजनिक जीवन में आने के बाद उन्होंने संगठन को सुदृढ़ करने एवं जनसेवा को अपना ध्येय बनाया। संगठन में प्रदेश मंत्री, भाजपा युवा मोर्चा तथा राष्ट्रीय युवा मोर्चा की टीम में रहते हुए उन्होंने उत्तराखंड के प्रदेश प्रभारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। इसके पश्चात वे भाजपा पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री एवं क्षेत्रीय अध्यक्ष भी रहे।
कोविड महामारी के चुनौतीपूर्ण दौर में श्री बेनीवाल ने संगठन को मजबूत बनाए रखने, सेवा कार्यों को गति देने तथा किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय और प्रभावी भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व, संगठन कौशल और जनसरोकारों के प्रति समर्पण ने पार्टी को नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान की।
श्री मोहित बेनीवाल की पुनर्नियुक्ति को उनकी कार्यकुशलता, निष्ठा और संगठन के प्रति समर्पित भाव का सम्मान माना जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने शीर्ष नेतृत्व के इस निर्णय का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक सशक्त होकर जन-जन तक अपनी विचारधारा एवं सेवा कार्यों को पहुँचाने में सफल होगा।
