डॉ रणवीर सिंह वर्मा / सनसनी सुराग न्यूज जनपद शामली
शामली। हर घर तिरंगा अभियान के तहत शामली में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरे वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। यात्रा के दौरान लोगों में राष्ट्रप्रेम और उत्साह का विशेष जोश दिखाई दिया। तिरंगा यात्रा वीवी इंटर कॉलेज से शुरू होकर नगर के वर्मा मार्केट, शिव चौक और भिक्की मोड़ से होते हुए विश्वकर्मा पार्क पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ। मार्ग में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। यात्रा में शामिल कार्यकर्ता हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारे लगाते हुए आगे बढ़े।
प्रभारी मंत्री दिनेश खटीक ने कहा कि तिरंगा यात्रा देश के वीर जवानों, स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महापुरुषों को नमन करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि आज का भारत आत्मविश्वास और सामर्थ्य के साथ आगे बढ़ रहा है। देश की युवा शक्ति भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने नागरिकों से राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देश की एकता-अखंडता को मजबूत करने का संकल्प लेने की अपील की।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और करोड़ों देशवासियों के गौरव का प्रतीक है। तिरंगे के तीनों रंग और अशोक चक्र हमें देश के प्रति अपने कर्तव्यों की याद दिलाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान ने देशवासियों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक मजबूत किया है। आज देश का प्रत्येक नागरिक अपने घर और प्रतिष्ठान पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान व्यक्त कर रहा है। सुरेश राणा ने कहा कि देश की मजबूती केवल सरकारों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है। हमें जाति, क्षेत्र और राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों के बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष व एमएलसी मोहित बेनीवाल, एमएलसी वीरेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष रामजीलाल कश्यप, पूर्व एमएलसी सुरेश कश्यप, अनिल चौहान, नगर पालिका परिषद चेयरमैन अरविंद संगल, मानस संगल, अभय तोमर, दीपक कोरी प्रमुख, भूपेंद्र चौधरी, विशेष सरोहा, बबीता चौहान, सुखचैन वालिया, रोहित विश्वकर्मा, सौरव चौधरी, सचिन चौहान, नंदू राणा, वरुण चौधरी, कमल बंसल, सोमवीर सिंह, सुखदेव कुमार, सचिन जैन, सोनू जुनेजा समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं नागरिक मौजूद रहे।
