डॉ रणवीर सिंह वर्मा / सनसनी सुराग न्यूज जनपद शामली
ग्राम कुड़ाना को मिली विकास कार्यों की सौगात, सड़क निर्माण और खेल मैदान की व्यवस्था को मिली मंजूरी
शामली। जनपद शामली की तहसील शामली अंतर्गत ग्राम कुड़ाना के विकास को नई गति मिलने जा रही है। वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में गांव के कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों को शामिल किया गया है। इनमें भौराकलां मार्ग स्थित बिजली घर के सामने से इंडियन बैंक तक ग्राम पंचायत में प्रवेश करने वाले मुख्य मार्ग का नव निर्माण प्रमुख है। वर्तमान में तकनीकी कारणों से ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर कार्ययोजना अपलोड नहीं हो सकी है, लेकिन पोर्टल पर अपलोड होते ही निर्माण कार्य शुरू कर अगस्त 2026 के अंतिम सप्ताह तक पूरा किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इसके अतिरिक्त, ग्राम कुड़ाना के राजस्व अभिलेखों में गाटा संख्या 1217, रकबा 0.5740 हेक्टेयर (2-16-0) भूमि पहले से ही खेल मैदान के लिए सुरक्षित दर्ज है, जिससे भविष्य में गांव के युवाओं को खेल सुविधाओं का लाभ मिलेगा। वहीं, नंगली जमालपुर मोड़ से ग्राम कुड़ाना तक लगभग 1.500 किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग के निर्माण को भी वित्तीय वर्ष 2026-27 की जनपद स्तरीय कार्ययोजना में शामिल किया गया है। इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से ग्राम कुड़ाना में आवागमन, खेल सुविधाओं एवं आधारभूत संरचना को उल्लेखनीय मजबूती मिलने की उम्मीद है।
इसके साथ ही ग्राम कुड़ाना से संबंधित जनहित की विभिन्न याचिकाओं के माध्यम से अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों को भी स्वीकृति प्राप्त हुई है। इनमें मजरा सहेटा स्थित सिद्ध डाक वाले पीर बाबा की समाधि तक पक्का मार्ग निर्माण तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कुड़ाना में विशेषज्ञ चिकित्सकों, आवश्यक स्टाफ, चिकित्सीय उपकरणों, जनरेटर एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित किए जाने संबंधी विषयों को भी स्वीकार किया गया है। साथ ही ग्राम कुड़ाना में पाइपलाइन डलवाए जाने संबंधी जनहित याचिका पर भी विचार करते हुए आवश्यक कार्यवाही की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है।

इस प्रकार ग्राम कुड़ाना में सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल एवं खेल सुविधाओं सहित विभिन्न आधारभूत विकास कार्यों को गति मिलने से ग्रामीणों को व्यापक लाभ मिलने की उम्मीद है।
