उत्तराखंड पैरावेट वेलफेयर एसोसिएशन ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेशव्यापी कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। एसोसिएशन ने पशुपालन विभाग को दस सूत्रीय मांग-पत्र सौंपते हुए न्यूनतम ₹25 हजार मासिक मानदेय, विभाग में समायोजन, स्वास्थ्य व दुर्घटना बीमा तथा लंबित मानदेय के भुगतान की मांग की है।
संगठन ने कृत्रिम गर्भाधान एवं टीकाकरण कार्यों में ऑनलाइन लोकेशन व्यवस्था समाप्त करने, मोबाइल व इंटरनेट सुविधा देने तथा फर्जी पैरावेटों पर कार्रवाई की मांग भी उठाई है।
एसोसिएशन के अनुसार 4 अगस्त से कार्य बहिष्कार जारी है। चेतावनी दी गई है कि 15 अगस्त तक मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो पशुपालन निदेशालय में भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।
